Homeउत्तर प्रदेशजालमा हॉस्पिटल के सामने रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल...

जालमा हॉस्पिटल के सामने रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप

रिपोर्ट : ममता भारद्वाज, आगरा

आगरा। जालमा हॉस्पिटल के सामने स्थित एक रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। रिजॉर्ट मालिक को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसमें रिजॉर्ट के अंदर बम रखे होने का दावा किया गया। धमकी भरे ईमेल में अगले आठ दिनों के भीतर किसी भी समय धमाका होने की बात कही गई है।

ईमेल मिलने के बाद रिजॉर्ट संचालक ने बिना देरी किए इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिजॉर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे परिसर को जांच के दायरे में ले लिया गया।

पुलिस की मौजूदगी में BDS (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और अन्य जांच टीमों ने रिजॉर्ट की गहन तलाशी शुरू की। टीमों द्वारा परिसर के कमरों, हॉल, पार्किंग, प्रवेश और निकास द्वार समेत आसपास के हिस्सों को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है। किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी मिलने पर उसकी जांच की जा रही है।

धमकी के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जांच अभियान चलाया जा रहा है। टीमों का प्रयास है कि रिजॉर्ट के हर हिस्से की पूरी तरह जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह की आशंका को दूर किया जा सके।

वहीं, पुलिस अब धमकी भेजने वाले ईमेल के स्रोत की भी जांच कर रही है। ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन व्यक्ति है, इसका पता लगाने के लिए साइबर स्तर पर भी जांच की जा रही है। पुलिस धमकी को लेकर उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।

फिलहाल रिजॉर्ट में जांच का काम जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यतेन्द्र नागर, एसीपी ताज सुरक्षा, आगरा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular