रिपोर्ट-प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। सआदतगंज थाना क्षेत्र के रामनगर में बैंक लोन की रिकवरी को लेकर कथित धमकी के बाद एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अबरार अली (55) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि चार दिन पहले एक रिकवरी एजेंट उनके घर पहुंचा था। एजेंट ने घर पर रिकवरी का नोटिस चस्पा किया और मकान जब्त करने की बात कहते हुए अबरार अली को कथित तौर पर धमकाया था।
परिजनों के मुताबिक, नोटिस और रिकवरी एजेंट की कथित धमकी के बाद से अबरार अली काफी तनाव में थे। उनकी पत्नी अफसाना बानो और दामाद मोहम्मद आसिफ का कहना है कि अबरार अली होम लोन की कई किस्तें पहले ही जमा कर चुके थे। इसके बावजूद रिकवरी एजेंट की ओर से मकान जब्त किए जाने की बात कही गई, जिसके बाद वह परेशान रहने लगे।
परिजनों का कहना है कि धमकी की घटना के बाद ही अबरार अली की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें इलाज के लिए एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया कि रिकवरी एजेंट की कथित धमकियों और उससे हुए मानसिक तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
एडीसीपी धनन्जय कुशवाहा ने बताया कि पत्नी अफसाना बानो और दामाद मोहम्मद आसिफ ने आरोप लगाया है कि रिकवरी एजेंट की तीखी धमकियों और मानसिक तनाव के चलते अबरार अली को हार्ट अटैक पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
