न्यूज डेस्क, लखनऊ
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बड़ा रोजगार रोडमैप सामने रखा। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शनिवार को विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके अगले दिन रविवार को भी करीब एक हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात उन्होंने कही।
पुलिस और होमगार्ड में 77 हजार से ज्यादा भर्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 36 हजार युवाओं की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा होमगार्ड में करीब 41 से 42 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। इन भर्तियों में मेडिकल और फिजिकल की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में अन्य भर्ती आयोगों के परिणामों के जरिए भी बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।
UPSSSC से 25-30 हजार युवाओं को मौका
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अगले छह महीनों में जारी होने वाले परिणामों के आधार पर करीब 25 से 30 हजार युवाओं को नियुक्ति का अवसर मिलेगा।
वहीं उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग के माध्यम से भी करीब 20 से 25 हजार युवाओं की भर्ती होने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों के परिणाम तीन से चार महीने में आने की उम्मीद है।
UPPSC से भी हजारों पदों पर नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षाओं के बाद करीब 15 से 16 हजार युवाओं को अलग-अलग विभागों में नियुक्ति मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाना है, ताकि योग्य युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और मेरिट को प्राथमिकता दे रही है। विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण तक की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए समीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीनों में एक लाख से अधिक नियुक्तियों का लक्ष्य रखा गया है।
