Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में वीडियो कॉल के दौरान युवक ने की आत्महत्या, जंगल में...

लखनऊ में वीडियो कॉल के दौरान युवक ने की आत्महत्या, जंगल में मिला शव

लखनऊ। बिजनौर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रायसिंह खेड़ा निवासी करन यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय युवक एक युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

करन सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकला था। वह वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति की कार चलाता था। दोपहर करीब 1 बजे जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल में वह अचेत हालत में मिला। उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी, जबकि वह करीब 100 मीटर अंदर जंगल में पड़ा था।

मौके से पिस्टल और अन्य सामान मिला

राहगीरों ने युवक को जंगल में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करन को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, युवक की कनपटी पर गोली लगने का निशान था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पास में एक पिस्टल पड़ी मिली। घटनास्थल से पानी और कोल्डड्रिंक की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास और दवा की दो खुली शीशियां भी बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक पिस्टल अवैध थी।

युवती से वीडियो कॉल पर कर रहा था बात

बिजनौर प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के मुताबिक, शुरुआती जांच में करन के एक युवती से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान वह युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, करन ने युवती से कथित तौर पर कहा था कि वह जहर पीकर पिस्टल से आत्महत्या कर लेगा। इसके अलावा, उसने घटना से एक रात पहले अपने कई दोस्तों को वॉट्सऐप पर मैसेज कर बताया था कि वह बहुत परेशान है और अब उनसे कभी बात नहीं कर पाएगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले सामान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular