रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। एरवा कटरा थाना क्षेत्र के कुदरकोट मार्ग पर चकबदनपुर मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। गंभीर हालत में दो घायलों को सैफई स्थित मिनी पीजीआई रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, किरकिचियापुर निवासी अरुण शर्मा अपनी मां बबली देवी और आठ वर्षीय दिव्यांग भाई समर्पित के साथ बाइक से ऐरवा कटरा स्थित खंड शिक्षा कार्यालय गए थे। वहां दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान चकबदनपुर मोड़ के पास पीछे से आई अपाचे बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में समर्पित के चेहरे पर चोट आई, जबकि बबली देवी के हाथ और कमर में चोट लगी। दूसरी बाइक पर सवार पंकज कठेरिया और देवेंद्र शर्मा भी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल समर्पित और बबली देवी को बेहतर उपचार के लिए मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
