खेकड़ा की पीढ़ियों पुरानी हथकरघा बुनाई और बागपत के शहद की मिठास अब वैश्विक बाजार तक पहुंचने की तैयारी में है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का आयोजन होगा। इसमें बागपत के 20 से अधिक नवीन निर्यातक, ओडीओपी उत्पादक, एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
ट्रेड शो में बागपत के जीआई टैग प्राप्त होम फर्निशिंग उत्पाद मुख्य आकर्षण में रहेंगे। खेकड़ा स्थित मास्टर वीवर्स के माध्यम से जिले की पारंपरिक हथकरघा बुनाई को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने रखा जाएगा। इसके अलावा अम्ब्रोसिया नेचुरल्स की ओर से शहद और अन्य होम प्रोडक्ट भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
जीआई टैग से मिली बागपत की हथकरघा बुनाई को पहचान
बागपत होम फर्निशिंग उत्पाद को जून 2023 में जीआई टैग मिला था। यह पहचान खेकड़ा क्षेत्र में पीढ़ियों से हथकरघा बुनाई कर रहे कारीगरों के कौशल को मिली है। जीआई टैग के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग निदेशालय और मास्टर वीवर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, आदर्श नगर, खेकड़ा ने संयुक्त रूप से आवेदन किया था।
मास्टर वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी में सूती धागे से बेडशीट, पर्दे, मेजपोश और रनिंग फैब्रिक तैयार किए जाते हैं। बुनकर फ्रेम लूम के जरिए तैयार होने वाले इन उत्पादों की मजबूत और आकर्षक बुनाई इन्हें अलग पहचान देती है।
नवीन निर्यातकों और उद्यमियों को मिलेंगे स्टॉल
UPITS के हॉल-14 में बागपत के नवीन निर्यातकों को पांच स्टॉल मिले हैं। इनमें वीवर्स प्वाइंट, शाहिद टेक्स इंडिया, बड़ागांव, वाया होम्स खेकड़ा के दो स्टॉल और विनय एक्सपोर्ट, बागपत शामिल हैं।
ओडीओपी श्रेणी के हॉल-9 में शमशाद टेक्सटाइल, बड़ागांव को दो स्टॉल मिले हैं। इसके अलावा द राइजिंग सन के नितिन जैन, बंसल टेक्सटाइल्स के राजकुमार बंसल और त्रिसव टेक्सटाइल के रविस कुमार को एक-एक स्टॉल मिला है।
एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमियों की श्रेणी में सिधांनम इंटरनेशनल, खेकड़ा के मनोज जैन को दो स्टॉल मिले हैं। वहीं नसरीन टेक्सटाइल्स की नसरीन, चारवेदा ऑर्गेनिक्स, प्रिंस हैंडलूम के राजकुमार जैन, बागपत ब्लूम प्रोड्यूसर कंपनी के कपिल आर्या और अंबेडकर महिला केंद्र के जगदीप कुमार को एक-एक स्टॉल मिला है।
उपायुक्त उद्योग राजेंद्र सिंह के मुताबिक, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से जिले के उद्यमियों को वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर जिले के उद्यमियों में उत्साह है।
शहद और मिलेट्स उत्पाद भी होंगे प्रदर्शित
ट्रेड शो में बागपत के कृषि आधारित उत्पाद भी दिखाई देंगे। अम्ब्रोसिया नेचुरल्स अपने शहद उत्पादों का प्रदर्शन करेगा। वहीं बागपत ब्लूम मिलेट्स के माध्यम से जिले के मिलेट और आयुर्वेदिक उत्पादों को भी बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
ओडीओसी पैवेलियन में दिखेगी घेवर और बालूशाही की मिठास
इस वर्ष इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार योगी सरकार की एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) पहल के तहत विशेष पैवेलियन बनाया गया है। इसमें बागपत के पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
अमीनगर सराय का प्रसिद्ध घेवर और बागपत की बालूशाही ट्रेड शो में आने वाले लोगों और विदेशी खरीदारों को अपनी मिठास का स्वाद कराएंगे। आयोजन में सिंगापुर, वियतनाम, इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रिया सहित कई देशों की मौजूदगी रहेगी।
वैश्विक मंच पर बागपत
- आयोजन: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो
- तारीख: 25 से 29 सितंबर
- स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा
- नवीन निर्यातक: पांच स्टॉल
- ओडीओपी: पांच स्टॉल
- जीआई उत्पाद: बागपत होम फर्निशिंग
- प्रमुख आकर्षण: खेकड़ा की हथकरघा बुनाई और अम्ब्रोसिया नेचुरल्स का शहद
