रिपोर्ट – ममता भारद्वाज
आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र के मोहल्ला नयापुरा में जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर भी बरसाए गए। मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमले के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों के साथ-साथ विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के मोहल्ला नयापुरा की है।
