Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस जनों से संवाद कर राष्ट्रीय सचिव ने कानपुर में परखी संगठन...

कांग्रेस जनों से संवाद कर राष्ट्रीय सचिव ने कानपुर में परखी संगठन की तैयारियां

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा 

कानपुर। कांग्रेस के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक जगदीश चन्द्र जांगिड़ शनिवार को कानपुर पहुंचे। उन्होंने तिलक हॉल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर एवं ग्रामीण के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठक कर संगठन की तैयारियों की जानकारी ली।

बैठक के दौरान जांगिड़ ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से एक-एक कर संवाद किया और विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति तथा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को लेकर उनकी राय जानी।

बैठक में अधिकांश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव से करीब दो महीने पहले प्रत्याशियों की घोषणा करने की मांग रखी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इससे प्रत्याशियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पर्याप्त समय मिल सकेगा और वे बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के साथ जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत कर सकेंगे।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने पार्टी में दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को शामिल करने को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले उसकी छवि और जनाधार की समीक्षा की जानी चाहिए। कुछ नेताओं ने यह सुझाव भी दिया कि नए शामिल होने वाले नेताओं को पांच वर्ष तक टिकट या संगठन में महत्वपूर्ण पद न दिया जाए।

कांग्रेस नगर-ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश चन्द्र जांगिड़ हाईकमान और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु का काम करने आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव पार्टी नेतृत्व तक पहुंचेंगे। संदीप शुक्ला ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत होने का दावा करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी।

राष्ट्रीय सचिव जगदीश चन्द्र जांगिड़ ने कहा कि बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से रखी गई प्रत्येक बात से हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव चौपाल लगाने और जनता के बीच जाकर पार्टी के मुद्दों को रखने का आह्वान किया।

जांगिड़ ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कार्यों को लेकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के कार्यों को भी जनता के बीच रखने की बात कही।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

संवाद बैठक का संचालन नरेंद्र चंचल कुशवाहा ने किया। बैठक में मदन मोहन शुक्ला, श्याम देव सिंह, ऊषा रानी कोरी, राम चंद्र गुप्ता, पुरुषोत्तम त्रिपाठी, सतीश दीक्षित, उमेश दीक्षित बबलू, राजीव द्विवेदी, देवी प्रसाद निषाद, आनंद वर्मा, अजय सिंह, चन्द्र मौली बाजपेई, सुमन तिवारी, मदन गोपाल राखरा, विजय शंकर निषाद,

नीरज शर्मा, प्रदीप बाजपेई, दिनेश शुक्ला, रतन लाल कटारिया, वीरेंद्र चतुर्वेदी, अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, सुनील कुमार, अजय कुमार, निहाल अहमद, अमन सिंह, सुजान गुप्ता, निखिल गुप्ता, एजाज रशीद, राजेन्द्र बाल्मीकि, जावेद इदरीसी, दिलशाद कुरैशी, दिव्यता बाजपेई, सुरेंद्र यादव, डॉ. अरुण शर्मा, तिलक चन्द्र कुरील, मोहम्मद इमरान, गरुड़ सिंह, अमित शुक्ला, अंकित राजपूत, अभिषेक ठाकुर, धीरू, विष्णु सविता, अंकित अवस्थी समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular