रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। किदवई नगर स्थित सार्वजनिक श्री संकट मोचन विजय हनुमान एवं श्री दुर्गा मंदिर समिति में आयोजित 15वें विशाल श्री गणेश महोत्सव के छठवें दिन राधा अष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर श्री राधारानी का दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसके बाद भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा में राधा-कृष्ण और गोपियों के स्वरूप में सजे 21 बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
पालकी यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया ने श्री राधारानी की पालकी को अपने कंधे पर उठाकर किया। उनके साथ समाजसेवी वीरेंद्र चौहान, मुकुंद गुप्ता, सुरेंद्र श्रीवास्तव, पप्पू तिवारी और अमित मिश्रा ने भी पालकी को कंधा दिया।
इससे पहले आचार्य पंडित मुकेश द्विवेदी ने विधिवत पूजन-अर्चन और आरती कराई। इसके बाद करीब दो किलोमीटर लंबी पालकी यात्रा मंदिर परिसर से निकली। महिला मंडल की महिलाओं ने नंगे पैर यात्रा में शामिल होकर बधाई गीत गाए। डीजे साउंड, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राधारानी की आरती उतारकर पालकी यात्रा का स्वागत किया। सुरेश चंद्र पांडेय ने सपरिवार आरती कर राधारानी का स्वागत किया।
मंदिर पहुंचने पर मनाया जन्मोत्सव
पालकी यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद राधारानी का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया। इसके बाद भगवान गणेश की महाआरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि मनोज भदौरिया ने कहा कि राधारानी प्रेम, भक्ति और त्याग की प्रतीक हैं। उनकी पालकी को कंधे पर उठाकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किदवई नगर मंदिर समिति पिछले 15 वर्षों से सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धर्म से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन की व्यवस्था में बउवा चौहान, रोहित, विष्णु शर्मा, मनीष शुक्ला, सोनू पाल, ऋतिक पांडेय, भीम पांडेय, आशु दीक्षित, टिल्लू शुक्ला और साहिल पाल की विशेष भूमिका रही। महिला मंडल अध्यक्ष नीलम वीरेंद्र चौहान, महामंत्री रेनू मधु शुक्ला और वरिष्ठ उपाध्यक्ष डौली द्विवेदी के नेतृत्व में मीरा गुप्ता, सुनीता शर्मा, पूनम शुक्ला समेत सैकड़ों महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
