रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
औरैया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चुनावी क्रम के तहत औरैया जनपद में राजस्व निरीक्षक संघ का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में पतंजलि दुबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को सात मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। चुनाव के दौरान दोनों पक्षों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला।
परिणाम घोषित होते ही पतंजलि दुबे के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। साथी राजस्व निरीक्षकों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पतंजलि दुबे ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्व निरीक्षकों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित स्तर पर उठाना और उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने चुनाव में सहयोग और समर्थन देने वाले सभी साथियों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता बनाए रखने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने की बात कही।
