Homeउत्तर प्रदेशयोगी की पाती में रोजगार और उद्यमिता का रोडमैप, युवाओं से UPITS...

योगी की पाती में रोजगार और उद्यमिता का रोडमैप, युवाओं से UPITS 4.0 का लाभ उठाने की अपील

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखकर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और युवाओं की उद्यमशीलता को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-4.0 (UPITS 4.0) का लाभ उठाने की अपील की है। यह आयोजन इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा।

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने और प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों तथा किसानों की मेहनत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत की गई थी। अब इसका चौथा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के उत्पादों और सेवाओं को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

रोजगार और उद्यमिता पर सरकार का जोर

योगी आदित्यनाथ ने रोजगार को प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए एमएसएमई सेक्टर और ओडीओपी जैसी पहलों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन प्रयासों के जरिए 4 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। इसी दिशा में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOP) जैसी पहल का भी उल्लेख किया गया है।

‘बीमार प्रदेश’ से ग्रोथ इंजन तक का दावा

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘बीमार प्रदेश’ की छवि से बाहर निकालकर ‘उत्सव प्रदेश’ बनाना बड़ी चुनौती थी। उनके मुताबिक आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

योगी ने प्रदेश के निर्यात में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की भागीदारी और 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश के धरातल पर उतरने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बड़े निवेश से निर्यात को बढ़ावा मिलता है और इसके साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

नौकरी लेने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बड़े बाजार और विशाल जनशक्ति से नहीं, बल्कि यहां के युवाओं के कौशल, कारीगरों की प्रतिभा और उद्यमियों की क्षमता से भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बने।

उन्होंने स्टार्टअप नीति-2026 और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से युवाओं को नवाचार, कौशल विकास, उत्पाद निर्माण और बाजार से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं।

युवाओं से ट्रेड शो में पहुंचने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा यहां नए संपर्क बना सकते हैं, बाजार की जरूरतों को समझ सकते हैं और अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसर तलाश सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया विचार और छोटा-सा प्रयास भी भविष्य में बड़े उद्यम की नींव बन सकता है। उन्होंने स्थानीय सामर्थ्य को वैश्विक बाजार से जोड़ने और उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

UPITS के पिछले संस्करणों में भी प्रदेश के उत्पादों, स्टार्टअप, एमएसएमई और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को एक मंच पर लाने पर जोर रहा है। 2025 के संस्करण में 80 देशों के 550 से अधिक खरीदार और 75 जिलों के 2,250 प्रदर्शकों की भागीदारी दर्ज की गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular