Homeदेश विदेशबैंककर्मियों का आंदोलन तेज, 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का...

बैंककर्मियों का आंदोलन तेज, 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, भेदभाव रहित पीएलआई योजना समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर रविवार को लाखों बैंककर्मियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देशव्यापी अभियान चलाया। फोरम के मुताबिक अभियान पूरे दिन शीर्ष ट्रेंड में रहा। आंदोलन के अगले चरण में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है।

लखनऊ में बनाया गया वार रूम

लखनऊ में भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों ने सोशल मीडिया अभियान में सक्रिय भागीदारी की। फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव के मुताबिक ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन के इंदिरा नगर स्थित कार्यालय में संदीप सिंह के नेतृत्व में वार रूम बनाया गया। यहीं से सोशल मीडिया अभियान संचालित किया गया।

इस दौरान करुणेश शुक्ला, एसके संगतानी, आकाश शर्मा, आनंद प्रताप सिंह, वी शके श्रीवास्तव, अनिल कुमार, उमेश चंद्रा, अमित सिंह, अंकुर अग्रवाल, सुमन सरकार, केएम श्रीवास्तव, सत्यम बाजपेई, कृष्ण कुमार पांडेय और गौरव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

22 और 25 सितंबर को प्रदर्शन

फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 22 सितंबर को बैंककर्मी काला बैज धारण करेंगे। इसके साथ ही स्टेट बैंक मुख्य शाखा पर राज्य स्तरीय धरना और प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को एसबीआई मुख्य शाखा पर प्रदर्शन और रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है।

SBI ने ग्राहकों के लिए जारी की एडवाइजरी

संभावित हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भी ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक के मुताबिक UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। SBI ने कहा है कि बैंक आवश्यक सेवाएं जारी रखने का हरसंभव प्रयास करेगा, हालांकि ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे हड़ताल की तारीखों से पहले जरूरी बैंकिंग लेनदेन पूरा कर लें।

बैंक ने ग्राहकों को नकदी जरूरतों के लिए ATM/ADWM और ग्राहक सेवा केंद्रों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग, UPI और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular