रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। श्री गणेश महोत्सव सेवा समिति, ओम पुरवा, लाल बंगला, कानपुर के तत्वावधान में रविवार, 20 सितंबर 2026 को शाम सात बजे कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों ने देश, समाज, संस्कृति, साहित्य और समसामयिक विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. आभा द्विवेदी रहीं। वहीं हास्य कवि हेमंत पांडेय ने मंच का संचालन किया। कवि सम्मेलन में डॉ. अर्पित बाजपेयी, वीर रस की कवयित्री वंदना विशेष (लखनऊ), गौरव पटेरिया बुंदेले (झांसी), डॉ. अरविंद पांडेय, दुर्गा बाजपेयी, कुमार विजय, श्री राम परमार और चांदनी पांडेय समेत कई कवि एवं साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कवियों ने हास्य, वीर रस और समसामयिक विषयों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कीं। हास्य कवि हेमंत पांडेय ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन किया। वहीं कवयित्री डॉ. आभा द्विवेदी ने इंसानियत, मोहब्बत और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताएं प्रस्तुत कीं।

कवि अरविंद पांडेय ने अपनी रचनाओं के माध्यम से जीवन और अवसरवादिता पर बात रखी। वहीं कवि अर्पित बाजपेयी ने देशभक्ति और वीर रस से जुड़ी पंक्तियां सुनाईं। दुर्गा बाजपेयी ने अपनी कविता के जरिए राजनीति और जनता से जुड़े मुद्दों पर व्यंग्य प्रस्तुत किया।
कवि सम्मेलन का उद्देश्य साहित्य और काव्य के प्रति लोगों में रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों और साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री गणेश महोत्सव सेवा समिति की ओर से पार्षद जितेंद्र कुमार चौरसिया (वार्ड-29) और विपिन जी के सहयोग से किया गया। समिति ने क्षेत्रवासियों और साहित्य प्रेमियों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
