लखनऊ। पारा इलाके में एक कार चालक पर खुद को डिप्टी सीएम का कर्मचारी बताकर महिला स्वास्थ्यकर्मी से ठगी करने और कार में छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने सरकारी अस्पताल में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर उससे ऑनलाइन 5,500 रुपये लिए। इसके बाद फोन कर उसे परेशान करने और धमकी देने का भी आरोप है। महिला की शिकायत पर पारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ट्रांसफर का झांसा देकर स्वास्थ्यकर्मी से 5,500 रुपये की ठगी, छेड़छाड़ का भी आरोप
एसीपी काकोरी शकील अहमद के मुताबिक, काकोरी क्षेत्र की रहने वाली महिला उन्नाव के एक सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी है। महिला ने पुलिस को बताया कि 17 सितंबर को वह ड्यूटी के लिए जा रही थी। आगरा एक्सप्रेसवे के पास सवारी बैठाने की बात कहकर ठाकुरगंज के मल्लाही टोला निवासी कार चालक विनोद कुमार ने उसे कार में बैठा लिया।
बगरामऊ पहुंचने से पहले आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद कथित तौर पर खुद को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कर्मचारी बताते हुए सरकारी अस्पताल में उसका ट्रांसफर कराने का भरोसा दिया।
ट्रांसफर के नाम पर लिए 5,500 रुपये
महिला के मुताबिक, ट्रांसफर कराने के नाम पर आरोपी ने उससे ऑनलाइन 5,500 रुपये लिए। रुपये लेने के बाद वह फोन करके महिला को परेशान करने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके पति को छोड़ने की धमकी दी। ऐसा नहीं करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप है।
कार में छेड़छाड़ का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह आरोपी कार लेकर तिकोनिया चौराहे के पास पहुंचा। महिला के कार में बैठने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
महिला कार से उतरकर अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसी दौरान आरोपी भीड़ को चकमा देकर कार लेकर मौके से फरार हो गया।
एसीपी के मुताबिक, महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही महिला से रुपये लेने, धमकी देने और छेड़छाड़ समेत लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।
