Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आज लॉन्च होंगी नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाएं,...

लखनऊ में आज लॉन्च होंगी नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाएं, हजारों प्लॉट का खुलेगा रास्ता

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की दो प्रमुख आवासीय योजनाओं नैमिष नगर और वरुण विहार की आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लॉन्चिंग करेंगे। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के दोना गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इन दोनों योजनाओं के साथ पांच मल्टीस्टोरी आवासीय परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।

एलडीए के मुताबिक, योजनाओं की लॉन्चिंग के साथ पहले चरण में 4500 से अधिक भूखंडों के पंजीकरण का रास्ता साफ होगा। भविष्य में दोनों योजनाओं में करीब 50 हजार भूखंड विकसित किए जाने की योजना है। इससे राजधानी में प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों के लिए आवासीय विकल्प बढ़ेंगे।

लॉन्चिंग के बाद शुरू होगा पंजीकरण

नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं की लॉन्चिंग के बाद इनके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए एलडीए की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। बुकलेट के लिए 1100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, लॉन्चिंग के बाद दोनों योजनाओं में पंजीकरण शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

4100 एकड़ में विकसित हो रही नैमिष नगर योजना

सीतापुर रोड पर विकसित की जा रही नैमिष नगर योजना करीब 4100 एकड़ क्षेत्र में फैली है। योजना में अलग-अलग आकार के भूखंड प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें 72 वर्गमीटर के 197, 112.5 वर्गमीटर के 524, 162 वर्गमीटर के 520, 200 वर्गमीटर के 299, 288 वर्गमीटर के 103 और 450 वर्गमीटर के 30 भूखंड शामिल हैं।इन भूखंडों की दर 3800 रुपये प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है।

वरुण विहार में 6580 एकड़ में आवासीय विकास

आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित की जा रही वरुण विहार योजना करीब 6580 एकड़ में फैली है। इसमें 112.5 वर्गमीटर के 1517, 162 वर्गमीटर के 460, 200 वर्गमीटर के 612, 288 वर्गमीटर के 68, 300 वर्गमीटर के 81 और 450 वर्गमीटर के 109 भूखंड प्रस्तावित हैं।वरुण विहार में भूखंडों की दर 2800 रुपये प्रति वर्गफीट रखी गई है।

पांच मल्टीस्टोरी आवासीय परियोजनाओं का भी शुभारंभ

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान पांच मल्टीस्टोरी आवासीय परियोजनाओं को भी गति देंगे। लेक व्यू अपार्टमेंट, विराजखंड गोमतीनगर में 3 बीएचके प्लस सर्वेंट क्वार्टर के 646 फ्लैट और पार्क व्यू अपार्टमेंट, सेक्टर-जे बसंतकुंज में इसी श्रेणी के 364 फ्लैट प्रस्तावित हैं।

वहीं ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट में 3 बीएचके प्लस सर्वेंट क्वार्टर के 384 फ्लैट बनाए जाएंगे। इन तीनों परियोजनाओं में पंजीकरण पहले से खुला हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अदिति अपार्टमेंट में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 412 फ्लैट और शारदा नगर विस्तार में वागेश्वरी अपार्टमेंट के 312 ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनाए जाएंगे। इन दोनों परियोजनाओं के लिए भी आज से पंजीकरण शुरू किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular