रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में बस सवार 9 यात्रियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। वहीं फायर सर्विस और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
यह हादसा 23-24 सितंबर की मध्य रात्रि जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जेवर टोल पर तैनात फायर टेंडर और चार अतिरिक्त फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंचीं।
AC में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस के एसी में शॉर्ट सर्किट, स्पार्क या ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। इसके बाद इंजन में मौजूद लुब्रिकेंट ऑयल ने आग पकड़ ली और कुछ ही समय में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस के अंदर धुआं भर जाने के कारण रेस्क्यू टीम को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बस के अंदर से 9 यात्रियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान के लिए पुलिस की ओर से प्रयास जारी हैं।
ड्राइवर और कंडक्टर हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। जेवर थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे के कारणों की कानूनी और तकनीकी जांच कर रही है।बस का पंजीकरण नंबर BR32PA8647 बताया गया है।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों और प्रभावित यात्रियों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
