Homeउत्तर प्रदेशमिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध...

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

ऐरवा कटरा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को एम.एस. इंटर कॉलेज, उमरैन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के निर्देशन में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी उमरैन सुरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी शशि प्रभा, आरक्षी मेघा, मुख्य आरक्षी साइबर हेल्प डेस्क सर्वेश कुमार, आरक्षी कपिल कुमार और आरक्षी लोकेश कुमार ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें जरूरी जानकारियां दीं।

छात्र-छात्राओं को बताए हेल्पलाइन नंबर

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को अलग-अलग परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाले हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्हें 1930 साइबर हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 102 एंबुलेंस सेवा, 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़, महिला या बालिका से संबंधित अपराध अथवा आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन पर तत्काल सहायता ली जा सकती है।

साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

मुख्य आरक्षी साइबर हेल्प डेस्क सर्वेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय रहते शिकायत करने से कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

सुरक्षा अधिकारों और योजनाओं की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी महिला-बालिका सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया

RELATED ARTICLES

Most Popular