Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ सड़क हादसा: कोमा में युवती, पिता ने लिव-इन पार्टनर पर लगाए...

लखनऊ सड़क हादसा: कोमा में युवती, पिता ने लिव-इन पार्टनर पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त की रात हुए सड़क हादसे में घायल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। युवती का मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह अभी कोमा में बताई जा रही है। हादसे के समय युवती के साथ उसका लिव-इन पार्टनर भी मौजूद था।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद युवक ने उन्हें कई घंटे बाद सूचना दी और अस्पताल पहुंचने के बाद भी घटना को लेकर अलग-अलग जानकारी देता रहा। बाद में युवती के मोबाइल से मिले एक वीडियो के आधार पर परिवार ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए और पुलिस से मामले की जांच की मांग की।

हादसे के करीब पांच घंटे बाद परिवार को मिली जानकारी

पीड़ित युवती के पिता अतुल कुमार के मुताबिक, उनकी बेटी मालिस्का सोनवानी लखनऊ में होटल मैनेजमेंट की इंटर्नशिप के लिए आई थी। 31 अगस्त की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच वह प्रियांशु गुप्ता के साथ दोपहिया वाहन पर थी। इसी दौरान हादसा हुआ।

परिवार का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें करीब सुबह चार बजे मिली। इसके बाद परिजन लखनऊ पहुंचे और युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती तौर पर परिवार ने इसे सड़क हादसा ही माना और इलाज पर ध्यान दिया।

मोबाइल से मिले वीडियो के बाद बढ़ा शक

परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में युवक भी मौजूद था और युवती का मोबाइल उसके पास था। परिवार ने मोबाइल मांगा तो उसने पहले आनाकानी की। बाद में मोबाइल मिलने पर उसमें एक वीडियो मिला, जिसमें युवती प्रियांशु के सामने हाथ जोड़कर कुछ कहती दिखाई दे रही है।

परिवार का दावा है कि वीडियो में युवती काफी डरी हुई नजर आ रही है और युवक उसकी रिकॉर्डिंग कर रहा है। परिजनों ने वीडियो को लेकर युवक से सवाल किए तो उसके जवाबों को लेकर भी उन्होंने संदेह जताया।

युवक ने बताया- चलती बाइक से कूदी थी युवती

परिजनों के अनुसार, प्रियांशु ने पूछताछ के दौरान बताया कि युवती की जिद पर दोनों घर से निकले थे और रास्ते में उसने चलती बाइक से कूदने का प्रयास किया। उसके मुताबिक, एक जगह युवती अचानक बाइक से कूद गई, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और वह उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया।

हालांकि, परिवार का आरोप है कि युवक हादसे की सही जगह को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने उसके साथ जाकर सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के साथ होने की बात जांच में सामने आई है।

पिता ने साजिश का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की

वीडियो सामने आने के बाद युवती के पिता ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। पिता का कहना है कि उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच और कार्रवाई की मांग की, लेकिन उन्हें तत्काल कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि युवती के दस्तावेजों में नाम और पिता के नाम से संबंधित बदलाव किए गए हैं। इन आरोपों की भी जांच की मांग की गई है।

पुलिस बोली- हादसे का मुकदमा दर्ज, आरोपों की भी जांच होगी

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में सड़क हादसे से संबंधित मुकदमा दर्ज है और युवक से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस युवती के होश में आने का भी इंतजार कर रही है, ताकि उसके बयान से घटनाक्रम की जानकारी मिल सके।

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुस्ताक के अनुसार, युवती और युवक के साथ रहने की जानकारी जांच में सामने आई है। अभी तक मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवती के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवती की हालत गंभीर है और पुलिस हादसे के साथ-साथ परिवार की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular