लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और इससे हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी सक्रियता बरतने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को लखनऊ से नोएडा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने को कहा है।
24 घंटे में नुकसान का आकलन करने के निर्देश
सीएम योगी ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को शासन की ओर से निर्धारित नियमों के तहत हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन परिवारों को बारिश के कारण नुकसान हुआ है, उनकी मदद में किसी तरह की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को केवल कार्यालयों से स्थिति की समीक्षा करने के बजाय फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बारिश से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में तेजी दिखाई जाए। जनहानि और पशुहानि के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। आर्थिक नुकसान का भी आकलन कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय स्तर पर जरूरत के मुताबिक राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि में सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भी खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
उन्होंने लोगों को नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान नहीं करने तथा मौसम सामान्य होने तक अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
अयोध्या में शुक्रवार को स्कूल बंद
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए अयोध्या में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर शुक्रवार को सभी बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। नर्सरी से इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
हालांकि, जिन विद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं, वहां परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्व भी यथावत रहेंगे।
प्रदेश में लगातार बारिश के बीच प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
