Homeदेश विदेशबैंक कर्मियों ने हड़ताल से पहले किया प्रदर्शन, रैली निकालकर जताया विरोध

बैंक कर्मियों ने हड़ताल से पहले किया प्रदर्शन, रैली निकालकर जताया विरोध

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल से पहले यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की लखनऊ जिला इकाई ने शुक्रवार को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर प्रदर्शन किया और रैली निकाली। बैंक कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध जताते हुए सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।

फोरम के पदाधिकारियों ने कहा कि बैंक कर्मी सरकार की ओर से बनाए जा रहे कथित दबाव से घबराने वाले नहीं हैं और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की और आगे भी आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

बैंक नेताओं एसके संगतानी और लक्ष्मण सिंह ने कहा कि बैंक कर्मियों की एकजुटता और संघर्ष जारी रहेगा। संदीप सिंह और वीके माथुर ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों पर एफआईआर तथा स्थानांतरण का भय दिखाया जा रहा है।

अशोक अग्रवाल और सचिन केशरवानी ने बैंक कर्मियों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार से सतर्क रहने की अपील की। शकील अहमद, राकेश पाण्डेय और धनंजय सिंह ने दावा किया कि रिजर्व बैंक सहित कई अन्य विभागों के संगठन भी उनके आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।

आशुतोष वर्मा, तारकेश्वर चौहान, आकाश शर्मा, शिव कुमार सिंह और बृजेश तिवारी ने कहा कि एसबीआई और पीएनबी समेत कई बैंकों के प्रबंधन ने रविवार, 27 सितंबर को बैंक खोलने संबंधी परिपत्र जारी किया है। फोरम ने इसका विरोध किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आदेशों का अनुपालन नहीं किया जाएगा।

फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा भी की गई है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular