Homeउत्तर प्रदेशड्यूटी के दौरान अस्वस्थ हुए उपनिरीक्षक सूरज पाल का प्रयागराज में निधन

ड्यूटी के दौरान अस्वस्थ हुए उपनिरीक्षक सूरज पाल का प्रयागराज में निधन

रिपोर्ट: दीपक अवस्थी

अजीतमल (औरैया)। कोतवाली अजीतमल में तैनात उपनिरीक्षक सूरज पाल का शुक्रवार को प्रयागराज के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 22 सितंबर को ड्यूटी के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गए थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक सूरज पाल के पेट में अचानक तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। आरक्षी नंदकिशोर उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चित्रकूट ले जाया गया। वहां उपचार के बावजूद उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बाद में परिजन उन्हें प्रयागराज के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

उपनिरीक्षक सूरज पाल मूलरूप से चित्रकूट जनपद के मानिकपुर क्षेत्र के ग्राम बसीला, कर्वी के निवासी थे। अगस्त 2024 में जनपद ललितपुर से स्थानांतरण के बाद उनकी तैनाती औरैया की कोतवाली अजीतमल में हुई थी।

परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो अविवाहित पुत्र आलोक पाल और अमन तथा अविवाहित पुत्री दीपा हैं। उनकी बड़ी पुत्री किरन का विवाह पिछले वर्ष हो चुका था।

अजीतमल कोतवाली में कार्यरत रहने के दौरान सूरज पाल अपने सरल, मिलनसार और सहज व्यवहार के लिए पुलिसकर्मियों व परिचितों के बीच लोकप्रिय रहे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और परिचितों में शोक व्याप्त है।

क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राजपूत, निरीक्षक अपराध रामचंद्र वर्मा समेत कोतवाली के समस्त स्टाफ ने दिवंगत उपनिरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular