Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी, जलभराव से जनजीवन...

लखनऊ में तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी, जलभराव से जनजीवन प्रभावित

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। गुरुवार से शुरू हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मोहल्लों, पार्कों और प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सड़क का पानी घरों तक पहुंच गया है और यातायात भी प्रभावित हुआ है।

तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण अलीगंज, खजाना रोड और आशियाना चौराहे समेत कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। अलीगंज के पुरनिया इलाके में पाकड़ का पेड़ गिरने से दो गाड़ियां उसके नीचे दब गईं। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

86.6 मिमी बारिश, 23.5 डिग्री पहुंचा तापमान

शुक्रवार को लखनऊ में बारिश का असर तापमान पर भी साफ नजर आया। लखनऊ एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर शुक्रवार को 12 घंटे में 86.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

लगातार बारिश के कारण सितंबर में मौसम का मिजाज असामान्य रूप से ठंडा हो गया है। उपलब्ध मौसम रिकॉर्ड के अनुसार 25 सितंबर 2007 को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रहा।

गोमतीनगर से जानकीपुरम तक जलभराव

बारिश के कारण गोमतीनगर, जानकीपुरम, खरगापुर, फैजुल्लागंज, अमीनाबाद, सरोजनीनगर और मल्हौर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गोमतीनगर की कुछ गलियों में पानी भरने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई। वहीं, अमीनाबाद में सड़क धंसने की भी सूचना सामने आई है।

मलिहाबाद और रहीमाबाद क्षेत्र में भी बारिश का असर देखने को मिला। सहिलामऊ में एक मकान का अगला हिस्सा गिर गया, जबकि भतोइया और मनकौटी गांव में कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह है कि इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

आज भी भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 सितंबर को लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। लखनऊ के लिए 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

बारिश के चलते स्कूल बंद

लगातार खराब मौसम को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रखने का आदेश दिया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी

लगातार बारिश और जलभराव के कारण लखनऊ एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है। शहर के कई मार्गों पर जलभराव के चलते यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई है।

बारिश के बीच बिजली विभाग ने भी लोगों को विद्युत पोल, तारों, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। बारिश के दौरान गीले हाथों से स्विच बोर्ड या बिजली के उपकरण न छूने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular