Homeउत्तर प्रदेशबारिश और तेज हवा से बिजली व्यवस्था चरमराई, 130 गांवों में 15...

बारिश और तेज हवा से बिजली व्यवस्था चरमराई, 130 गांवों में 15 घंटे से अधिक बिजली गुल

रिपोर्टर : अमित शुक्ला

औरैया। शुक्रवार शाम से हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। ऐरवा कटरा विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति रात करीब आठ बजे ठप हो गई। इसके बाद रात करीब 12:30 बजे 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन होने से ऐरवा कटरा, उमरैन, गाजीपुर, समायन और दोबामाफी फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

शनिवार शाम करीब चार बजे तक खराबी दूर नहीं हो सकी। इसके चलते करीब 130 गांवों में 15 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

समायन फीडर के मकरंदपुर गांव में तेज हवा के कारण डबल पोल पर रखा ट्रांसफार्मर टूटकर सड़क पर गिर गया। वहीं, 11 केवी लाइन के तार टूटने से रास्ते पर आवागमन भी बाधित हो गया। शनिवार दोपहर बाद विद्युत कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर और टूटे तारों को हटाकर रास्ता साफ कराया।

इसी तरह उमरैन फीडर के सिमरिया गांव में बिजली का पोल टूटने से आपूर्ति बाधित रही। समायन गांव में 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए, जिससे आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई।

बिजली गुल रहने से ऐरवा टीकुर, उमरैन, कुकरकाट, रमपुरा, नगला बांस, तुर्कपुर यासीन, सिमरिया, सुल्तानपुर, किल्लामपुर, ऐरवा कुईली, देईपुर, सूरजपुर, सुरेधा और ऊसरपाटी समेत करीब 130 गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।

विद्युत विभाग के कर्मचारी 33 केवी लाइन की पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। विभागीय अधिकारियों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की बात कही।

RELATED ARTICLES

Most Popular