HomeUncategorizedलखनऊ: आज रविवार को खुले रहेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर तक...

लखनऊ: आज रविवार को खुले रहेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल; जरूरी काम आज ही निपटा लें

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला 

लखनऊ। बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले रविवार, 27 सितंबर को सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए बैंक शाखाओं के साथ एटीएम से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी खुले रखे जाएंगे।

ग्राहक रविवार को नकदी निकासी, चेक जमा करने और ड्राफ्ट समेत जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकेंगे। लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने की स्थिति में ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

पांच दिन बैंकिंग समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल

बैंक कर्मचारी और अधिकारी सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना की विसंगतियां दूर करने, रिक्त पदों पर भर्ती और पुरानी पेंशन बहाली समेत कई सेवा संबंधी मुद्दे भी शामिल हैं।

प्रस्तावित हड़ताल में राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ बड़ौदा यूपी बैंक के ग्रामीण बैंक कर्मचारी तथा जिला सहकारी बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल होने की बात कही गई है।

500 से ज्यादा शाखाओं में प्रभावित होगा काम

28, 29 और 30 सितंबर को प्रयागराज जिले की 500 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। हड़ताल के दौरान काउंटर से नकदी लेनदेन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट बनवाने और पासबुक प्रिंटिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

लगातार तीन दिन बैंक शाखाएं बंद रहने से एटीएम में नकदी की उपलब्धता को लेकर भी परेशानी की आशंका है। हालांकि, बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की तैयारी की बात कही गई है।

आज ही निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम

ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे रविवार को ही शाखा पहुंचकर नकदी निकासी, चेक जमा करने और ड्राफ्ट से जुड़े जरूरी काम पूरे कर लें। हड़ताल के दौरान यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि, बैंकिंग नेटवर्क या तकनीकी समस्या के कारण डिजिटल लेनदेन प्रभावित हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular