रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के कप्तानपुर गांव में रविवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक मकान के बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय बरामदे के नीचे मौजूद 14 लोग मलबे की चपेट में आ गए और घायल हो गए। छत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
चार घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 14 लोगों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। वहीं, अन्य 10 घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार किया जा रहा है।
गमी के माहौल में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि परिवार में गमी का माहौल था और इसी दौरान लोग बरामदे के आसपास मौजूद थे। अचानक छत गिरने से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते बरामदा मलबे में तब्दील हो गया और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
गांव में मचा हड़कंप
अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच राहत और बचाव का काम किया गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और गंभीर घायलों को आगरा रेफर किया गया है।
