Homeउत्तर प्रदेशभगत सिंह जयंती पर CM योगी की ‘योगी की पाती’, युवाओं से...

भगत सिंह जयंती पर CM योगी की ‘योगी की पाती’, युवाओं से बोले- ज्ञान को शक्ति बनाएं, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लें संकल्प

लखनऊ। अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं के नाम ‘योगी की पाती’ के जरिए संदेश दिया। उन्होंने भगत सिंह के बलिदान, साहस और राष्ट्रनिष्ठा को नमन करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महज 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश को परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। आज युवाओं को उनके अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेकर समाज को जाति-पाति, नशा और दूसरी सामाजिक बुराइयों से मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

भगत सिंह के ज्ञान और अध्ययनशीलता को किया याद

सीएम योगी ने भगत सिंह को केवल एक क्रांतिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक गंभीर अध्येता के तौर पर भी याद किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे। उनके जीवन से युवाओं को यह सीख मिलती है कि ज्ञान को अपनी ताकत बनाया जाए, सीखने की ललक कायम रखी जाए और संकल्प को कर्म से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए संदेश दिया कि ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़कर अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदला जा सकता है। उनका कहना था कि ज्ञान के साथ कौशल जुड़ने पर युवा अपने सपनों को वास्तविकता में बदलने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

युवाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की विकास यात्रा में युवाओं की भागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का अवसर दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने का भी उल्लेख किया गया।

हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी

मुख्यमंत्री ने युवाओं से ज्ञान के उपलब्ध साधनों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने युवाओं से किताबों को अपना मित्र बनाने, लगातार सवाल पूछने, नए विचारों को जानने और अपनी जिज्ञासा को जीवित रखने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक किताब किसी युवा के जीवन में नया विचार पैदा कर सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।

‘ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान यूपी’ का आह्वान

अपने संदेश के अंत में सीएम योगी ने युवाओं से भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज और प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने ज्ञान, संस्कार और सामर्थ्य से युक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में सभी से योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री का यह संदेश 28 सितंबर को मनाई जा रही भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आया। देशभर में इस दिन भगत सिंह को उनके साहस और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के लिए श्रद्धांजलि दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular