रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सोमवार को उनके आगरा स्थित पैतृक आवास तक पहुंच गया। विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान घर के गेट और दीवार पर कालिख पोतकर नारे लिखे गए।
प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के साथ जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, शाहबाज, उमेश शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीवार पर ‘वोट चोर’ समेत अन्य नारे लिखे। पार्टी नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों की समीक्षा की मांग भी उठाई।
पुलिस मौके पर पहुंची
घर पर कालिख पोते जाने और नारे लिखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू की। लिखे गए नारों और कालिख को हटाने का काम भी शुरू किया गया।
कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में हुआ। पार्टी की ओर से सोमवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया था।
प्रदर्शन को लेकर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल पुलिस प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों और कालिख पोतने वाले लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
