Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद

रिपोर्ट – प्रिया बाजपई शुक्ला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी शिकायत बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को शरीर पर लगी चोटें दिखाईं और बताया कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और रुपये भी छीन लिए। बुजुर्ग की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा।

जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त निर्देश

जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गरीब और कमजोर लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर जबरन कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच कर जमीन को कब्जामुक्त कराने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजस्व मामलों के निस्तारण पर जोर

सीएम योगी ने राजस्व से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित रखने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न हो। हर फरियादी के साथ संवेदनशीलता से पेश आते हुए उसकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बोले- घबराएं नहीं, समस्या का होगा समाधान

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों को भरोसा दिलाया कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular