रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। औद्योगिक क्षेत्र सुमेरपुर में संचालित हिंदुस्तान यूनिलीवर फैक्ट्री को लेकर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी उनकी खेती को प्रभावित कर रहा है। आरोप है कि लंबे समय से खेतों में पहुंच रहे पानी के कारण सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन खराब होकर बंजर हो गई है।
किसानों के मुताबिक फैक्ट्री से पानी की निकासी के लिए राजस्व और यूपीसीडा के अभिलेखों में कोई नाला दर्ज नहीं है। किसानों का आरोप है कि अब फैक्ट्री प्रबंधन खेतों के सामने से नाला बनवाने की तैयारी कर रहा है। इससे किसानों को आशंका है कि उनकी बची हुई खेती भी प्रभावित हो सकती है।

केमिकल उड़ने और स्वास्थ्य पर खतरे का भी आरोप
किसानों ने फैक्ट्री से केमिकल उड़ने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है। इसके अलावा फैक्ट्री के बाहर हाईवे के दोनों ओर भारी वाहनों के खड़े रहने से भी किसानों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। किसानों ने इसे हादसों की बड़ी वजह बताया है।
किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और उनकी खेती व जमीन को नुकसान से बचाने की मांग की है।
