Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ से जुड़ा गौरव: आशुतोष दीक्षित बनेंगे अगले वायुसेना प्रमुख

लखनऊ से जुड़ा गौरव: आशुतोष दीक्षित बनेंगे अगले वायुसेना प्रमुख

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ में पढ़े एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित अब भारतीय वायुसेना की कमान संभालेंगे। केंद्र सरकार ने उन्हें अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया है। मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के रिटायरमेंट के बाद 31 अक्टूबर को आशुतोष दीक्षित नए एयर चीफ मार्शल का पद संभालेंगे।

आशुतोष दीक्षित का लखनऊ से पुराना और खास जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा राजधानी लखनऊ में पूरी की। उनके पिता पीसी दीक्षित डीएवी डिग्री कॉलेज में समाजशास्त्र के शिक्षक रहे हैं। उनका परिवार लंबे समय तक लखनऊ में रहा, ऐसे में उनकी नियुक्ति से राजधानी के लोगों में भी खुशी है।

मिराज-2000 से तेजस तक उड़ाए कई लड़ाकू विमान

आशुतोष दीक्षित अनुभवी फाइटर पायलट हैं। करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने 3,500 घंटे से अधिक उड़ान भरी है। वह मिराज-2000, मिग, जगुआर, तेजस और हॉक समेत कई तरह के विमानों को उड़ा चुके हैं। वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी रह चुके हैं।

कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में निभाई जिम्मेदारी

दीक्षित अपने सैन्य करियर के दौरान कई अहम अभियानों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर में जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा वह पश्चिमी सेक्टर के फाइटर बेस और दक्षिणी सेक्टर के फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान भी संभाल चुके हैं।

वाइस चीफ से एयर चीफ मार्शल तक का सफर

फिलहाल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के वाइस चीफ हैं। इससे पहले वह सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ और चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। एयर हेडक्वार्टर में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं।

चार बड़े सैन्य सम्मान से सम्मानित

भारतीय वायुसेना में उनकी सेवाओं के लिए उन्हें वायु सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

31 अक्टूबर को पदभार संभालने के बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular