लखनऊ। राजधानी लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे बालू अड्डे के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने बेटे की गर्लफ्रेंड और उससे जुड़े लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल पहुंचने से पहले बदली जानकारी, परिजन रहे परेशान
मृतक की पहचान शिवा शर्मा के रूप में हुई है। उसकी मां रंजना शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे रश्मि दुबे नाम की युवती का फोन आया। उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे हजरतगंज से राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां शिवा नहीं मिला। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश करने के बाद पता चला कि उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के बाहर पहुंचने पर एम्बुलेंस के पास मौजूद चालक दानिश उन्हें देखकर मौके से भाग गया। परिजनों के अनुसार, इसके बाद जब वे शिवा को इमरजेंसी में ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर चोटों के निशान होने का दावा
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उनका दावा है कि शिवा की आंखों और जबड़े में चोट थी। नाक और कान से खून बह रहा था। इसके अलावा उसकी टांग और पसलियां भी टूटी हुई थीं। परिजनों ने शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान और खरोंचें होने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों का दावा है कि शिवा को दिनभर बंधक बनाकर पीटा गया और इसके बाद उसे चौथी मंजिल से नीचे गिरा दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चार-पांच महीने से परेशान करने का आरोप
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे पिछले चार-पांच महीने से उनके बेटे को परेशान कर रही थी। उनके मुताबिक, करीब छह-सात दिन पहले श्रद्धा उनकी दुकान पर भी आई थी। आरोप है कि उसने शिवा को अपने हवाले करने की बात कहते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
रंजना शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से एक दिन पहले दानिश उनके घर से फॉर्च्यूनर की चाबी लेकर गाड़ी ले जाने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर वह गाड़ी छोड़कर चला गया। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस बोली- शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
परिजनों का कहना है कि वे चौक और हजरतगंज थाने में शिकायत लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक, युवक की चौथी मंजिल से गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे, धक्का दिए जाने और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
