Homeउत्तर प्रदेशयूपी में अनफिट एंबुलेंस पर योगी सरकार का शिकंजा, 772 के चालान...

यूपी में अनफिट एंबुलेंस पर योगी सरकार का शिकंजा, 772 के चालान और 135 कराई गईं बंद

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क, लखनऊ

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मरीजों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने अनफिट और अवैध एंबुलेंस के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

परिवहन विभाग की ओर से चलाए गए तीन दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 772 एंबुलेंस के चालान किए गए, जबकि 135 एंबुलेंस को बंद कराया गया। इस अभियान का उद्देश्य एंबुलेंस सेवाओं में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना और मरीजों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि अभियान के दौरान विभागीय प्रवर्तन टीमों ने निजी क्षेत्र में संचालित एंबुलेंस की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा में वाहनों का फिट होना और सभी जरूरी दस्तावेजों का वैध होना बेहद आवश्यक है। अनफिट या अनधिकृत एंबुलेंस का संचालन मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

 वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र जरूरी

परिवहन आयुक्त ने एंबुलेंस संचालकों और वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों का संचालन करने से पहले पंजीकरण, वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित करें। निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ही एंबुलेंस का संचालन किया जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि एंबुलेंस मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है। ऐसे में इन वाहनों की तकनीकी स्थिति और दस्तावेजों का सही होना बेहद जरूरी है।

 आगे भी जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग के अनुसार, अवैध और अनफिट एंबुलेंस के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का जोर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर है।

इस कार्रवाई के जरिए एंबुलेंस संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है, जिससे मरीजों को सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिल सके।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular