रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनस उस्मानी के कानपुर में प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जाजमऊ गंगा पुल से लेकर उनके आवास तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।

जाजमऊ गंगा पुल पर स्वागत के बाद नई चुंगी, गल्ला गोदाम, पंडित उपवन के सामने, नया गंज मेट्रो, फूलबाग चौराहा, नवीन मार्केट चौराहा और बकरमंडी चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और अभिनव दीक्षित सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद लाल इमली क्षेत्र में भी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। उन्होंने गुमटी गुरुद्वारा पहुंचकर दर्शन किए, जिसके बाद उनके आवास पर कार्यक्रम का समापन हुआ।

सपा, बसपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनस उस्मानी ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने मुसलमानों को बरगलाकर उनका वोट लेने का काम किया, लेकिन उनके कल्याण के लिए अपेक्षित काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। उनके अनुसार, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मुस्लिम समाज सहित सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
अनस उस्मानी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण दीक्षित, सलीम अहमद, सिमरनजीत सिंह, परमजीत सिंह चंदौख, नाजिया असद नवाज, अमरजीत सिंह पम्मी, जावेद, माशूक खान और विपुल जैन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

