रिपोर्ट – ज्ञानेंद्र तिवारी
बेलरायां, खीरी। श्री गांधी इंटर कॉलेज, बेलरायां-खीरी का 51वां स्थापना पर्व उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक चले चार दिवसीय समारोह में खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, वाद-विवाद, रोजगार महोत्सव और सम्मान समारोह ने आयोजन को खास बना दिया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं रोजगार महोत्सव में 244 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर मिलना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
12 अक्टूबर को समारोह के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें शिक्षाविद् एवं पर्यावरण संरक्षक तपन भौमिक, निघासन विधायक शशांक वर्मा, न्यायाधीश शिवेंद्र मिश्रा, अरुणाचल प्रदेश के सोपा की पूर्व विधायक तानी लोफा और बॉलीवुड गायिका अरुणिमा शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों की झलक देखने को मिली। अतिथियों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
रोजगार महोत्सव में 25 कंपनियों ने लिया हिस्सा
स्थापना पर्व के तहत आयोजित रोजगार महोत्सव, कौशल विकास और स्टार्टअप कार्यक्रम युवाओं के लिए खास रहे। आयोजकों के अनुसार, रोजगार महोत्सव में 275 कंपनियों ने भाग लिया। करीब 400 युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 244 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर मिले। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें व्यावहारिक कौशल, स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक करना था।
संस्थापक सीताराम अग्रवाल के योगदान को किया याद
विद्यालय के 51वें स्थापना पर्व पर संस्थापक प्रबंधक स्वर्गीय सीताराम अग्रवाल के योगदान और दूरदर्शी सोच को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण को रेखांकित किया। पांच दशकों से अधिक की शैक्षणिक यात्रा पूरी कर चुका यह संस्थान क्षेत्र में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।
विद्यालय के प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें संस्कारवान, योग्य और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल और व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी हैं। रोजगार महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद करते हैं।
प्रबंध समिति और विद्यालय परिवार का रहा सहयोग
चार दिवसीय समारोह प्रबंध समिति के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष श्याम सुंदर पांडे, प्रबंधक राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार, विनोद कुमार वर्मा, बिनीत मिश्र, अंकित गुप्ता, अर्चिता मिश्रा, शीतल सिंह और प्रवीण कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
