रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा के किरावली में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी पांच सदस्य अचेत अवस्था में मिले। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान पांच वर्षीय मासूम जीशान उर्फ गोलू की मौत हो गई।
वहीं, परिवार के चार अन्य सदस्यों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
