रूस के पूर्वी हिस्से में स्थित कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.0 मापी गई। हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है।
यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) और भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, कामचटका क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भूकंप आया। एनसीएस के मुताबिक, भारतीय समयानुसार सुबह 9:05 बजे आए इस भूकंप का केंद्र करीब 152 किलोमीटर की गहराई पर था। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने भूकंप की तीव्रता 6.9 दर्ज की। अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में मामूली अंतर सामने आया है।
सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं
अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के मुताबिक, भूकंप के बाद सुनामी को लेकर कोई चेतावनी, निगरानी या सलाह जारी नहीं की गई। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भी भूकंप की गहराई को देखते हुए सुनामी की आशंका नहीं जताई।
रिंग ऑफ फायर में स्थित है कामचटका
कामचटका प्रायद्वीप प्रशांत महासागर के किनारे स्थित है और प्रशांत क्षेत्र के ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है। इस क्षेत्र में टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण अक्सर भूकंप आते हैं और ज्वालामुखी सक्रिय रहते हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को भी यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
इससे पहले जुलाई 2025 में कामचटका के पास 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके बाद प्रशांत महासागर के कई हिस्सों में सुनामी का खतरा पैदा हो गया था। ताजा भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
