Homeउत्तर प्रदेशकानपुर के किदवई पार्क में 20 अक्टूबर तक सजेगा दुर्गा पूजा महोत्सव,...

कानपुर के किदवई पार्क में 20 अक्टूबर तक सजेगा दुर्गा पूजा महोत्सव, बंगाली परंपरा से बनेगा मां का भोग

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा 

कानपुर। किदवई पार्क स्थित श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 16 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

समिति की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की जानकारी साझा की और बंगाली परंपराओं के अनुसार होने वाली पूजा की विशेषताओं के बारे में बताया।

समिति के चेयरमैन उग्रसेन सिंह ने बताया कि महोत्सव में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान से की जाएगी। आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में मां दुर्गा के लिए तैयार किया जाने वाला पारंपरिक भोग शामिल है।

उन्होंने बताया कि बंगाली परंपरा के अनुसार मां का भोग गुरु-दीक्षा प्राप्त महिलाएं ही तैयार करती हैं। विधि-विधान से तैयार भोग मां दुर्गा को अर्पित किया जाता है। यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाती है।

समिति के पदाधिकारी प्रदीप केड़िया ने बताया कि दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से कोलकाता से पुरोहित आते हैं। महोत्सव के दौरान धुनुची आरती, नवपत्रिका पूजन, सप्तमी पुष्पांजलि, भोग आरती और सिंदूर खेला सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे और पारंपरिक रीति-रिवाजों का हिस्सा बनेंगे।

महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं, बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए तीन दिवसीय बाल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है।

प्रेसवार्ता में समिति के पदाधिकारी नरेश पाठक, शुभांकर मुखर्जी, शैलेंद्र प्रताप सिंह चौहान, नंदिनी बख्शी, विनोद गुप्ता, देवदत्त बख्शी, अजय योगी, पंकज यादव, रवि सोनकर और सूर्यांश बाजपेई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular