चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए योगी सरकार ने राहत-बचाव और एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में बारिश, तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
बेमौसम बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में प्रशासन को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी अलर्ट और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आंधी-तूफान के दौरान खुले में रहने से बचने और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों से दूर रहने के साथ अनावश्यक यात्रा नहीं करने को कहा गया है।
बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह भी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।
किसानों को फसल और पशुधन बचाने की सलाह
संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि उपज और फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने के साथ पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
सरकार ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी अलर्ट देखते रहने की अपील की है। प्रशासन संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए सतर्कता बरतने और जरूरी तैयारियां करने में जुटा है।
