Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में 15-16 नवंबर को सजेगा छठ महापर्व का भव्य आयोजन, सीएम...

लखनऊ में 15-16 नवंबर को सजेगा छठ महापर्व का भव्य आयोजन, सीएम योगी देंगे पहला अर्घ्य

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमती नदी के तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में 15 और 16 नवंबर को छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। पर्व को लेकर पूर्वांचल समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए घाट की साफ-सफाई से लेकर टेंट, लाइटिंग, साउंड और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करने की तैयारी चल रही है।

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लेते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयोजन से जुड़े सभी कार्य 14 नवंबर तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

सीएम योगी करेंगे पहले अर्घ्य की शुरुआत

प्रभुनाथ राय ने बताया कि छठ महापर्व का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सूर्य को पहला अर्घ्य देकर करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, एके शर्मा और जयवीर सिंह समेत कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

इसके अलावा महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की भी उपस्थिति रहेगी।

मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति

छठ महापर्व का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति और परंपराओं का भी बड़ा उत्सव बनेगा। इस दौरान पद्मश्री मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भोजपुरी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इससे श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत और लोक कला का अनूठा संगम देखने का अवसर मिलेगा।

घाट पर होगा पौधरोपण

आयोजन की तैयारियों के बीच लखनऊ विकास प्राधिकरण और अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से छठ घाट पर पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि पर्व को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा रही हैं। घाट की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

लक्ष्मण मेला मैदान में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular