Homeउत्तर प्रदेशरात में भी गुलजार यूपी के बाजार, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर...

रात में भी गुलजार यूपी के बाजार, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां साझा की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब रात के समय भी बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान गुलजार रहते हैं। देर रात तक बाजारों में जारी गतिविधियां केवल व्यापारिक रौनक नहीं, बल्कि व्यापारियों के बढ़ते विश्वास और सुरक्षित माहौल का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान स्थिति की तुलना की।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और असुरक्षा का माहौल ऐसा था कि सूर्यास्त होते ही बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी पड़ने लगती थी। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में भी चिंता बनी रहती थी। हालांकि, अब परिस्थितियों में बदलाव आया है। बाजार देर रात तक खुले रहते हैं और महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में बिना भय के अपने कार्यस्थलों पर जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

जीरो टॉलरेंस नीति से बदली कानून-व्यवस्था की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आए इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसा वातावरण तैयार करने पर काम किया है, जिसमें महिलाएं और व्यापारी दोनों खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, सुरक्षित माहौल मिलने से व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के नए अवसर मिले हैं। वहीं, बेटियां भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्षमता के दम पर आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने रात में सक्रिय बाजारों को प्रदेश में बढ़ते कारोबारी भरोसे की पहचान बताया।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इस बढ़ोतरी को महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और स्वावलंबन का संकेत बताया।

सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी प्रदेश में बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश को दर्शाती है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ रोजगार और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने इस बदलाव को ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular