Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के किंग्स क्लब में पुलिस का लाठीचार्ज, 5 युवक गिरफ्तार; डीजे...

लखनऊ के किंग्स क्लब में पुलिस का लाठीचार्ज, 5 युवक गिरफ्तार; डीजे बंद कराने पहुंची थी टीम

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड स्थित किंग्स क्लब में पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी क्लब के अंदर युवकों पर लाठियां बरसाते और उन्हें खदेड़ते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम देर रात क्लब में निर्धारित समय सीमा के बाद भी डीजे बजने की सूचना पर पहुंची थी। इस दौरान क्लब में मौजूद युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। इतना ही नहीं, कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कराने तक की धमकी दे डाली। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग किया।

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात किंग्स क्लब में तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी डीजे बजाया जा रहा था। क्लब में करीब 12 से 15 युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। उनके बीच आपस में मारपीट भी हो रही थी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाकर वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस की बात मानने के बजाय बहस शुरू कर दी

आरोप है कि नशे में धुत युवक पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगे और उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी देने लगे। काफी समझाने के बावजूद जब युवक शांत नहीं हुए तो पुलिस ने लाठियां चलाकर उन्हें क्लब से बाहर खदेड़ा।

मारपीट में एक युवक घायल, पांच गिरफ्तार

क्लब में चल रहे विवाद के दौरान लखीमपुर खीरी निवासी रजत गुप्ता के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान किया। इनमें रजत गुप्ता, शाश्वत पांडेय, अखंड सिंह, अभय प्रताप सिंह और आकाश सिंह शामिल हैं।

 क्लब के सीसीटीवी कैमरे मिले बंद, डीवीआर जब्त

पुलिस की जांच में क्लब की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई लापरवाहियां सामने आईं। बताया गया कि क्लब के एंट्री रजिस्टर में मौके पर मौजूद युवकों की कोई एंट्री दर्ज नहीं थी। वहीं, जब पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज देखने की कोशिश की तो क्लब के सभी कैमरे बंद मिले।

कैमरे बंद होने के संबंध में क्लब मैनेजर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के लिए क्लब का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान कुछ युवकों के अनंत राजपूत नाम के व्यक्ति से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति का आपराधिक इतिहास रहा है।

 क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जनरल डायरी (GD) में दर्ज कर ली है। निर्धारित समय के बाद भी क्लब संचालित करने, डीजे बजाने और सीसीटीवी कैमरे बंद रखने के मामले को गंभीरता से लिया गया है।

पुलिस की ओर से किंग्स क्लब के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular