लखनऊ | उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने एक के बाद एक पलटवार किया है
कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारियों को देखकर सपा प्रमुख के हौसले अभी से पस्त हो गए हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने दावा किया कि 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी जनता अखिलेश यादव के अहंकार को तोड़ेगी।
मंत्री जेपीएस राठौर ने भी तंज कसते हुए कहा कि सपने देखने में कोई टिकट नहीं लगता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में डटा हुआ है और आगामी चुनाव में सपा का सफाया तय है।
मनोज पांडेय बोले- यूपी के मॉडल स्कूल कान्वेंट स्कूलों को दे रहे टक्कर
कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने एमएलसी चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की है, लेकिन अखिलेश यादव इस तरह बयान दे रहे हैं, जैसे भाजपा की नींद उड़ गई हो।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही सपा प्रमुख के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं और इसी वजह से वह अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
मनोज पांडेय ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं।
प्रदेश में ऐसे मॉडल स्कूल तैयार किए गए हैं, जो सुविधाओं और व्यवस्था के मामले में कान्वेंट स्कूलों को भी पीछे छोड़ रहे हैं। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी को सरकार के काम दिखाई नहीं देते।
उन्होंने सपा शासनकाल की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने कार्यकाल के दौरान स्कूलों की स्थिति भी याद करनी चाहिए।
मंत्री ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि अगर कुछ लोगों को मानसिक विकार है तो उसे डॉक्टर ही दूर कर सकता है।
एके शर्मा बोले- 2027 में भी टूटेगा अखिलेश का अहंकार
कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रमुख अहंकार से भरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर रखा, उसी तरह 2027 में भी अखिलेश यादव का अहंकार टूटेगा।
एके शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार काम हुआ है।
उन्होंने आईआईटी, एम्स, विश्वविद्यालयों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों के दौरान देश और उत्तर प्रदेश में शिक्षण संस्थानों का विस्तार हुआ है।
उनके मुताबिक, विकास कार्यों के मामले में विपक्ष के पास सरकार के कामों का जवाब नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को समर्थन मिलेगा।
जेपीएस राठौर का अखिलेश पर तंज- सपने देखने में टिकट नहीं लगता
मंत्री जेपीएस राठौर ने भी अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपने देखने में कोई टिकट नहीं लगता, इसलिए अखिलेश यादव सपने देखते रहें।
राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का हर कार्यकर्ता अंगद की तरह अपना पैर जमाकर खड़ा है और संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सफाया होगा और एनडीए प्रदेश में तीसरी बार बंपर बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
फिलहाल, विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन नेताओं के बयानों से साफ है कि उत्तर प्रदेश में सियासी माहौल गर्म होने लगा है।
भाजपा के मंत्री जहां सरकार के विकास कार्यों को लेकर विपक्ष को घेर रहे हैं, वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी सरकार के दावों पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
Good
