गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने एक महिला को उसके पति के इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, “घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।”

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला से उसके पति के अब तक हुए इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को उपचार में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एक अन्य बीमार महिला को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था करने को भी कहा।
150 लोगों से मिले मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए निर्देश
रविवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की शिकायतों पर अधिकारी संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करें। सरकार हर समस्या के प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
अपराध और जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बच्चों को चॉकलेट देकर किया दुलार
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने पास बुलाकर दुलार किया और उन्हें चॉकलेट दी। साथ ही बच्चों को आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

