Homeउत्तर प्रदेशSGPGI Nursing Officer Exam: नर्सिंग ऑफिसर भर्ती की दूसरे चरण की परीक्षा...

SGPGI Nursing Officer Exam: नर्सिंग ऑफिसर भर्ती की दूसरे चरण की परीक्षा निरस्त, नई तारीख का इंतजार

लखनऊ। संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

संस्थान ने एक नवंबर को प्रस्तावित भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण को निरस्त कर दिया है। परीक्षा रद्द होने की सूचना रविवार को परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दी गई।

संस्थान की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जानी थी। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

इस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों और पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा आयोजन से जुड़ी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।

वित्त विभाग के अधिकारियों को परीक्षा की जिम्मेदारी देने पर उठे सवाल

एसजीपीजीआई में भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी वित्त विभाग के अधिकारियों को सौंपे जाने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद परीक्षा प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर चर्चा तेज हो गई है।

आरोप है कि भर्ती परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी विशेषज्ञ अधिकारियों के बजाय वित्त विभाग के अफसरों को दी गई है। परीक्षा निरस्त होने से हजारों अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सभी की निगाहें संस्थान की ओर से जारी होने वाली नई परीक्षा तिथि पर टिकी हैं।

हालांकि, एसजीपीजीआई प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने के पीछे केवल अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला दिया है। अभी तक इसके विस्तृत कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular