Homeउत्तर प्रदेशदवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट: अमित शुक्ला | औरैया

औरैया में दवाइयों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों के बीच शराब छिपाकर ले जा रहा

। अजीतमल पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लोडर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां और दवाइयों के 83 पैकेज बरामद किए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात अजीतमल पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम अनंतराम टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी।

तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे एक लोडर में दवाइयों की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा-औरैया मार्ग स्थित कस्बा अजीतमल के भटा रोड के पास सर्विस रोड पर संदिग्ध लोडर को रोक लिया।

तलाशी लेने पर वाहन से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां और दवाइयों के 83 पैकेज बरामद हुए। पुलिस ने मौके से लोडर चालक रामकुमार पुत्र प्रेमचंद्र निवासी ग्राम महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज को गिरफ्तार कर लिया।

 चंडीगढ़ से बिहार तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस और अन्य लोगों को शक से बचाने के लिए डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयां रखकर शराब की तस्करी करता था।

वह चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ने बिहार के मोतिहारी और मुजफ्फरपुर जिलों में पूर्व में दो बार जेल जाने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये और तस्करी में इस्तेमाल किए गए लोडर की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। मौके से चालान रसीद और बिल भी बरामद किए गए हैं।

इस मामले में थाना अजीतमल में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट-सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, ऊंचा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम बालक समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular