लखनऊ। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। प्रदेश के सभी मंडलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए दीपावली मेले आयोजित किए जाएंगे।
इन मेलों के माध्यम से दिव्यांगजन अपने हुनर को लोगों तक पहुंचा सकेंगे और अपने उत्पादों की बिक्री कर आय के नए अवसर हासिल कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक मंडल में दीपावली मेले आयोजित किए जाएंगे।
इनके आयोजन के लिए लखनऊ मंडल को सात लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जबकि लखनऊ को छोड़कर अन्य सभी मंडलों के लिए तीन-तीन लाख रुपये की धनराशि तय की गई है।
विभाग की ओर से सभी उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को अपने-अपने मंडलों और जनपदों में मेले के आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शेष मंडलों और जिलों से आयोजन संबंधी प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है।
दिव्यांगजनों के उत्पादों को मिलेगा बाजार
इन दीपावली मेलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही उनके उत्पादों की बिक्री के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दिव्यांगजन सीधे ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे और अपने उत्पादों का प्रचार-प्रसार कर नए खरीदारों से जुड़ सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सरकारी सहायता तक सीमित न रखकर उनके कौशल और मेहनत के आधार पर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल से स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ दिव्यांगजनों की आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत हो सकेगी।
प्रतिभा को उचित मंच देना प्राथमिकता: निदेशक
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा और कौशल को उचित मंच उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित कराने की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि मेलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री होगी। इससे उन्हें अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और आय के नए अवसर पैदा होंगे। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
