Homeउत्तर प्रदेशयूपी के 14.82 लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगा बोनस, नवंबर...

यूपी के 14.82 लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगा बोनस, नवंबर की सैलरी में 3% बढ़कर आएगा डीए

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को बोनस का तोहफा देने की तैयारी में है।

प्रदेश के करीब 14.82 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अधिकतम 7,000 रुपये तक बोनस मिल सकता है। इस संबंध में प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुमोदन के लिए भेज दिया गया है। उम्मीद है कि एक-दो दिनों में बोनस जारी करने का आदेश भी जारी हो जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक, बोनस का लाभ पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ ही राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी मिलेगा।

इसके अलावा राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे।

सरकार पर बोनस वितरण के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय भार आने का अनुमान है। दीपावली से पहले बोनस मिलने की उम्मीद से लाखों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

नवंबर के वेतन में बढ़कर आएगा महंगाई भत्ता

बोनस के बाद प्रदेश सरकार कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनरों को महंगाई राहत (डीआर) में भी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए वित्त विभाग जल्द ही प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजेगा।

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बढ़ी हुई दर से डीए और डीआर का नकद भुगतान दिसंबर में मिलने वाले नवंबर महीने के वेतन और पेंशन के साथ किया जाएगा।

जुलाई से अक्टूबर तक का मिलेगा रियर

महंगाई भत्ते में प्रस्तावित तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ जुलाई से प्रभावी माना जाएगा। जुलाई से अक्टूबर तक की बकाया राशि यानी एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा की जाएगी। वहीं, बचत पत्रों के माध्यम से भी भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।

इस बढ़ोतरी से प्रदेश के 12 लाख से अधिक पेंशनरों को भी फायदा मिलेगा। उनकी महंगाई राहत की दर में भी तीन प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है।

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular