रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा। मोहब्बत की निशानी ताजमहल देखने आगरा पहुंचे इटली के एक कपल ने भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई। इटली के लिगुरिया निवासी मैटियो और कैटरीना ने वैदिक परंपरा के अनुसार विवाह की सभी रस्में निभाईं। इस दौरान दोनों ने भारतीय विवाह संस्कारों को पूरे उत्साह के साथ अपनाया।
पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया। शादी के दौरान कपल को मंत्रों का अर्थ और प्रत्येक रस्म का महत्व भी समझाया गया। भारतीय परंपराओं के अनुसार निभाई गई रस्मों में विदेशी जोड़े ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैटियो और कैटरीना भारतीय विवाह पद्धति और वैदिक मंत्रों से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझते हुए इस खास पल को यादगार बनाया।
ताजमहल को प्रेम का प्रतीक मानकर हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आगरा आते हैं। लेकिन इस बार इटली के इस जोड़े ने यहां की यात्रा को भारतीय संस्कृति और विवाह परंपराओं से जोड़कर खास बना दिया। विदेशी कपल की हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
