रिपोर्ट: अमित शुक्ला | औरैया
औरैया के ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऐरवा कटरा पहुंचाया।¹
यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ऐरवा कुईली गांव निवासी सुखवीर उर्फ पिंटू सविता की 14 वर्षीय बेटी सीमा बुधवार को ऐरवा बाजार से सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान राघव ट्रेडर्स के पास कटरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशोरी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सीमा को सीएचसी ऐरवा कटरा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और पिकअप की तलाश कर रही है।
Tags: औरैया, ऐरवा कटरा, सड़क हादसा, पिकअप दुर्घटना, किशोरी घायल, सैफई मिनी पीजीआई, यूपी क्राइम
