Homeउत्तर प्रदेशजाति की जड़ता समाज को बांटती है, संस्कृति जोड़ती है; दीपोत्सव सामाजिक...

जाति की जड़ता समाज को बांटती है, संस्कृति जोड़ती है; दीपोत्सव सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और समरसता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जाति की जड़ता समाज को बांटने का काम करती है, जबकि साझी आस्था और संस्कृति लोगों को एक सूत्र में पिरोती है। श्री अयोध्या जी का दीपोत्सव इसी सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी है। इस आयोजन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी भारतीय संस्कृति की व्यापकता और समरसता को दर्शाती है।

2017 में शुरू हुआ दीपोत्सव, बदली अयोध्या की पहचान

सीएम योगी ने अपने संदेश में वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जातीय विभाजन को राजनीति का आधार बनाने वाली सरकारों ने समाज को जोड़ने वाली सांस्कृतिक शक्ति की पूरी तरह उपेक्षा की। वहीं, डबल इंजन सरकार ने वर्ष 2017 में दीपोत्सव की शुरुआत कर इस सोच को बदलने का काम किया। अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को एक बड़े जनोत्सव के रूप में पहचान दिलाई गई।

उन्होंने कहा कि दीपोत्सव ने रामनगरी की परंपराओं को नई पहचान देने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच पर आने का अवसर दिया है। आज यह आयोजन आस्था, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बन चुका है।

दीपक का प्रकाश देता है समानता और एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य संतगण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में दीपोत्सव का स्वरूप लगातार व्यापक हुआ है। आज इस आयोजन में धर्माचार्य, विद्यार्थी, स्वच्छताकर्मी, कुम्हार और व्यापारी सहित समाज के सभी वर्ग समान उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लेते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में किसी की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसकी सहभागिता और आस्था से होती है। अलग-अलग हाथों से जलाए गए दीपक जब एक साथ जगमगाते हैं तो उनका प्रकाश पूरे समाज को रोशन करता है। यही भारतीय संस्कृति की विशेषता है, जहां विविधता के बावजूद एकता की भावना मजबूत होती है।

समरस समाज की संकल्पना को मजबूत करता है दीपोत्सव

सीएम योगी के मुताबिक, दीपोत्सव का संदेश समाज में भेदभाव और विभाजन की भावना से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का है। यह पर्व बताता है कि सांस्कृतिक परंपराएं और साझा विरासत समाज को जोड़ने की ताकत रखती हैं। अयोध्या का दीपोत्सव इसी समरस समाज की संकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular